इंटरनेट मीडिया पर हुई थी पीड़िता की आरोपित से पहचान। अचारपुरा के पास एक सूने कमरे में पीड़िता को ले गया था आरोपित। जान से मारने की दी धमकी।

Bhopal Crime News।
 बैरसिया तहसील के गुनगा थाना क्षेत्र में किशोरी को अगवा कर उससे दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपित उसे घुमाने के बहाने बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और आरोपित युवक को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।

यह है घटनाक्रम

गुनगा थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी ने गुरुवार को शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें उसने बताया था कि एक इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से उसका परिचय पास के गांव में रहने वाले विक्रम मीना नाम के युवक से हुआ था। बाद में उनके बीच बातचीत होने लगी थी। गुरुवार को विक्रम उसे घुमाने के बहाने से अचारपुरा के पास एक सूने कमरे में ले गया था। वहां उसने किशोरी को डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर वह किशोरी को उसके गांव के पास छोड़कर भाग गया था। किशोरी ने घटना के बारे में स्वजन को बताया। उसके बाद थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। शुक्रवार को पुलिस ने दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट के तहत आरोपित 20 वर्षीय विक्रम को गिरफ्तार कर लिया।
 

न्यूज़ सोर्स : Bhopal Crime News: Teenager kidnapped and raped, accused youth arrested