आजमगढ़/मऊ। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को आजमगढ़ के लालगंज लोकसभा क्षेत्र और मऊ के घोसी लोकसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाएं कीं। दोनों सभाओं में वह भाजपा पर हमलावर रहे। लालगंज नगर पंचायत के राम जानकी मैदान परिसर में पार्टी प्रत्याशी दरोगा प्रसाद सरोज के समर्थन में आयोजित संविधान बचाओ सम्मेलन में कहा कि भाजपा सरकार में किसानों, दलितों, महिलाओं, नौजवानों को अपमानित कर उन पर फर्जी मुकदमे कराए गए। सरकारी कार्यालयों में जनप्रतिनिधियों का अपमान होता है। भाजपा सरकार देश के कुछ पूंजीपतियों के लिए ही काम कर रही है।

शिवपाल बोले महागठबंधन की सरकार बनने पर 10 किलो मिलेगा मुफ्त राशन

उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनी तो पांच के बजाय 10 किलो मुफ्त राशन वितरित किया जाएगा। महागठबंधन से अब भाजपा भी घबराने लगी है। कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि मतदान तक पुलिस या किसी अधिकारी के बुलावे पर मत जाइए और बचकर रहिए। कहा कि यह सरकार संविधान को बदलना चाहती है। इसे हटाने का समय आ गया है। आज सबसे महंगी बिजली उत्तर प्रदेश में दी जा रही है। महागठबंधन की सरकार बनने पर अग्निवीर व आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के स्थान पर पूर्णकालिक नियुक्ति की जाएगी। पूर्व सांसद राम किशुन यादव, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, विधायक बेचई सरोज, निवर्तमान जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, शरद यादव आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता लालगंज विधानसभा अध्यक्ष राजनरायन यादव ने की।

वैक्सीन के नाम पर भाजपा ने कंपनियों से लिया 300 करोड़ का चंदा

मऊ के मधुबन क्षेत्र के दुबारी में सपा प्रत्याशी राजीव राय के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचारियों की सरकार है। भाजपा ने वैक्सीनेशन के नाम पर कंपनियों से 300 करोड़ रुपये का चंदा लिया। अपने पूंजीपति मित्रों के 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर उनसे 10 हजार करोड़ रुपये चुनावी चंदा लिया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने 10 वर्ष में कोई काम नहीं किया है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। महंगाई चरम पर है। पहले नलकूप का कनेक्शन सस्ता था, आज 12 गुना बढ़ गया है। नौकरी के नाम पर फीस ली जा रही है लेकिन पेपर लीक हो जा रहा है। पेपर लीक में भाजपा के लोग शामिल हैं इसीलिए पेपर लीक का खुलासा नहीं हो रहा है। सपा सांसद किरणमय नंदा ने कहा कि मोदी जो बोलते हैं, वह नहीं करते और जो बोलते नहीं हैं, वह अवश्य करते हैं। कालाधन आज तक वापस नहीं आया और लोगों के खाते में 15 लाख रुपये भी नहीं पहुंचे। कार्यक्रम को विधायक जयप्रकाश अंचल, सुधाकर सिंह, राजेंद्र कुमार, चंद्रमणि यादव, राजेंद्र मिश्र ने भी संबोधित किया।