लेखक-सत्येंद्र जैन वरिष्ठ पत्रकार
जन नेता जब जनता को भगवान मानकर के पुजारी रूप में पूजन करते हैं सेवा करते हैं तब वह जन जन के मन में ,हृदय प्रदेश में विराजित हो जाते हैं।यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिव्य वचनों को आत्मसात करके धरातल पर वास्तविक रूप में अवतरित करने का पुनीत कार्य,भारत सरकार के यशस्वी कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ,भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह तोमर कर रहे हैं।

नेतृत्व क्षमता के महारथी नरेंद्र

चंबल क्षेत्र के मुरैना जिले की पोरसा तहसील में एक साधारण परिवार में जन्मे नरेंद्र सिंह तोमर अपने पुरुषार्थ ,पराक्रम से "स्वयमेव मृगेन्द्रता" के मंत्र को धारण कर देश की राजनीति में दैदीप्यमान सूर्य की भांति आलोकित हो रहे हैं।उनकी नेतृत्व क्षमता एवं सांगठनिक कुशलता अप्रतिम है ।ग्वालियर कालेज में 1979 में छात्र संघ के अध्यक्ष बने।संगठन महत्ता एवं नेतृत्व गुणों को सीखा।छात्रसंघ अध्यक्ष के रूप में प्रारंभ हुई यह यात्रा भारतीय जनता पार्टी संगठन में मंडल अध्यक्ष ,भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष,मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष होते हुए राष्ट्रीय महामंत्री के दायित्व रूपी पड़ाव तक पहुंची है।निरन्तर प्रवाहमान है।

नरेंद्र तोमर ने प्रदेश में कार्यकर्ताओं की विस्तृत एवं विशाल श्रृंखला तैयार की है।नव ऊर्जा से ओतप्रोत कार्यकर्ताओं का कैलाश पर्वत निर्मित किया है।वह दो बार विधायक रहे हैं ।मप्र सरकार में 2003 में वह प्रथम बार मंत्री बने।जनसंपर्क विभाग के मंत्री रहकर सरकार के प्रवक्ता के रूप में भी कुशलता पूर्वक कार्य निष्पादन किया है।दो बार विधायक रहे हैं।एक बार राज्यसभा सांसद रहे हैं ।तीन बार से लोकसभा के सांसद हैं।वर्तमान में मुरैना लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। वर्ष 2014 में केंद्र सरकार में पहली बार केंद्रीय मंत्री पद की शपथ ली।

कुशल सांगठनिक क्षमताओं एवं चमत्कारी नेतृत्व शैली से वर्ष 2008 में प्रदेशाध्यक्ष रहते हुए लगातार दूसरी बार भाजपा सरकार का गठन किया एवं शिवराज सिंह चौहान ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की।उनके साथ मुझे भी कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ है।आईटी प्रकोष्ठ एवं ग्रामीण विकास प्रकोष्ठ की बैठकों में मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है।बहुत सीख प्राप्त की है।वह गुणों की खान हैं।वास्तव में वह एक चलते फिरते विश्व विद्यालय हैं।वर्ष 2013 में पुनः दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनाने के महायज्ञ में अपनी समिधा,आहुति दी।शिवराज सिंह चौहान ने तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

भारत पुत्र नरेंद्र

भारत भूमि को माता रूप में अंगीकार कर नरेंद्र सिंह तोमर माँ भारती के पुत्र हैं।राष्ट्र आराधना में लीन,नरेंद्र सिंह तोमर भारत पुत्र हैं।अपने लोकसभा क्षेत्र के साथ ही उन्होंने संपूर्ण देश में कृषि विभाग में कल्याणकारी कार्यो की अविरल गंगा प्रवाहित की है।मोदी सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाओं से जनता को लाभ प्रदान कर उनके दिलों को जीत रहे हैं। भगवान रूपी जनता के ह्रदय में विराजित हो रहे हैं।जिस प्रकार भारत माता अपने आंचल में सभी मत संप्रदाय के लोगों को पल्लवित कर रही हैं।पोषित कर रही हैं उसी प्रकार नरेंद्र सिंह तोमर भी सभी पंथ,संप्रदाय के लोगों की सेवा कर रहे हैं ।उनके जीवन में क्रांतिकारी रचनात्मक परिवर्तन ला रहे हैं।भारतीयता उनमें कूट-कूट कर भरी है।एक बार वह दिल्ली से यात्रा करते हुए शताब्दी ट्रेन में ग्वालियर आ रहे थे ।उसी समय उनके साथ एक यात्री को हृदयाघात की पीड़ा हुई ।उन्होंने तत्काल रेल अधिकारियों को फोन लगा,चिकित्सक एवं उपचार उपलब्ध कराया।जिससे सहयात्री के जीवन की रक्षा हुई। ऐसे अनेक अवसर पर नरेंद्र सिंह तोमर ने भारतीय लोगों के जीवन की रक्षा की है।

कृषि एवं कृषक कल्याण के उन्नायक नरेंद्र 

भारत के अन्नदाता एवं कृषि को समुन्नत करने के लिए नरेंद्र सिंह तोमर प्रतिबद्धता से कार्य कर रहे हैं।अन्न उत्पादन के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर होकर दुनिया भर के देशों को खाद्यान्न निर्यात कर रहा है।वर्ष 2022-23 में खाद्यान्न उत्पादन बढ़कर 330.5 मिलियन टन से अधिक हो गया है। ऐतिहासिक वृद्धि है।प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि के द्वारा लगभग ढाई लाख करोड़ रुपए की राशि किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है।प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के द्वारा भी 1.32 लाख करोड़ रुपए से अधिक का मुआवजा किसानों को दिया गया है। मोदी सरकार ने ही लगभग दो दर्जन फसलों पर एमएसपी दिया है।2014 तक मात्र पाँच फसलों पर ही एमएसपी न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित होता था ।जिसका कोई समय निश्चित नहीं होता था।मोदी सरकार द्वारा रबी एवं खरीफ की फसलों का मूल्य उनकी बुआई से पूर्व ही निर्धारित होता है।किसानों को अधिक लाभदायक फसल चुनने एवं बोने का अवसर मिलता है।

वर्ष 2014 तक किसानों को बैंकों एवं सहकारी संस्थाओं द्वारा लगभग सात लाख करोड़ रुपये का ऋण वितरण होता था जो मोदी सरकार में बढ़कर लगभग 18 लाख करोड़ रुपये हो गया है।अन्न दाता को उर्जादाता भी पीएमकुसुम योजना द्वारा बनाया जा रहा है।वर्षों पुरानी पाँच नदी जोड़ो योजना को सम्मिलित किया गया है।मप्र उत्तर प्रदेश में‘केन-बेतवा लिंक’ को भी मोदी सरकार ने अनुमति दे दी है ।कृषि क्षेत्र में नरेंद्र सिंह तोमर ने अनेक क्रांतिकारी बदलाव किये हैं। वर्तमान बजट में कृषि संबंधी कार्यों हेतु लगभग सवा लाख करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है।दस हजार एफपीओ बनाए गए हैं।श्री अन्न को लोकप्रिय बनाया गया है।प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के माध्यम से 80 करोड़ नागरिकों को निःशुल्क खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है।
कृषको को यह सम्मान मिलना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर की किसान हितैषी नीतियों का ही परिणाम है।

भारतीय विचारक नरेंद्र

आधुनिक भारत के महानतम आध्यात्मिक सन्त नरेंद्रनाथ या स्वामी विवेकानंद के भारतीय सांस्कृतिक दर्शन से प्रभावित नरेंद्र सिंह तोमर एक उच्च कोटि के विचारक, दार्शनिक भी है। कुछ समय पूर्व ही उनके आलेख एवं भाषणों का संग्रह नमामि भारत के नाम से प्रकाशित भी हुआ है।उसमे भारत की पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन सहित अनेक विभूतियों ने उनके व्यक्तित्व,कृतित्व एवं बौद्धिक चातुर्य की भूरी भूरी प्रशंसा की है ।नरेंद्र तोमर बहुत ही संयमित, संतुलित वक्तव्य देते हैं।इस कारण उनको जो तोल मोल कर बोले सो तोमर जैंसे लोक अलंकरणों से अलंकृत किया जाता है।
उनके सुखद, आरोग्यमयी,शतायु ,यशस्वी जीवन हेतु मेरी शुभकामनाएं इस प्रकार हैं -
पश्येम शरदः शतं,जीवेम शरदः शतं ।
श्रुणुयाम शरदं शतं ,प्रब्रवाम शरदः शतम ।
भवेम शरदः शतं ,भुयस्य शरदः शतात।