केराकत (जौनपुर)। आपातकाल के बाद 1977 में जब इंदिरा गांधी चुनाव हार चुकी थीं तो वह भारत की यात्रा पर निकली थीं। सन् 1978 के सितंबर महीने में जौनपुर के केराकत में भी आई थीं, जहां उन्हें सुनने के लिए नार्मल स्कूल के मैदान में भीड़ पड़ी थी। अनीष राय ने बताया कि उस समय यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे रामानंद राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे कल्पनाथ राय से कहकर नगर के नार्मल स्कूल के मैदान में इंदिरा गांधी की सभा रखवाई थी। इंदिरा गांधी कार से जौनपुर होते हुए आई थीं। उस समय उन्हें देखने सुनने के लिए दूरदराज से एक लाख से अधिक की भीड़ जुटी थी। इसमें भारी संख्या में महिलाएं थीं।

जब अपने संबोधन से जीत ल‍िया था जनता का मन 

इंदिरा गांधी ने अपने 15 से 20 मिनट के संबोधन में जनता का मन जीत लिया था। उन्होंने चुनावी हार का जिक्र करते हुए कहा था कि यह मेरी हार है, लेकिन अगले चुनाव में मै जीतकर आऊंगी। मुझे आप लोगों का साथ चाहिए। आज भी बहुत से ऐसे लोग हैं, जिन्होंने उस समय सभा में पहुंच कर इंदिरा गांधी का भाषण सुना था और उनके भाषण को याद कर कहते हैं कि अपने संक्षिप्त भाषण में इंदिरा गांधी ने इशारों-इशारों में बहुत कह दिया था। उसके बाद हुए चुनाव में कांग्रेस 353 सीटें पाई थी और इंदिरा गांधी पुनः प्रधानमंत्री बनी थीं।