लोनी। बॉर्डर थाना की गुलाब वाटिका कॉलोनी में ससुराल में एसी नहीं लगने पर पत्नी अपने मायके चली गई। इस विवाद में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोनू (28) पुत्र राम अवतार अपने परिवार के साथ लोनी बॉर्डर थाना की गुलाब वाटिका कॉलोनी में रहते थे। परिवार में पत्नी ममता, मां तारा व पिता राम अवतार हैं। सोनू प्रथम मंजिल पर रहता था। स्वजन ने बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व सोनू की शादी ममता से हुई थी।

पहले एसी लगवाओ तब ससुराल आऊंगी

गृहक्लेश के चलते उसकी पत्नी अपने मायके थी। वह अपनी पत्नी को लोनी लाने की बात करता था, लेकिन पत्नी का कहती थी कि गर्मी बहुत है। पहले एसी लगवाओ तब ससुराल आऊंगी। जिसका लेकर भी पति-पत्नी में विवाद रहता था। मंगलवार रात ऊपरी मंजिल पर सोया हुआ था।

दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला शव

सुबह जब देर तक नहीं उठा तो ऊपर जाकर देखा। शव दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। स्वजन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया मामला गृहक्लेश का बताया जा रहा है। शव पोस्टमार्टम को भेज पुलिस मामले की जांच कर रही है।