वाराणसी। यूपी के मुख्यमंत्री योगी ने घोषणा की है कि अगले 2 साल में प्रदेश पुलिस में 2 लाख नौजवानों की भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री ने वाराणसी में भाजयुमो की बैठक की कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि नौजवानों को सरकारी नौकरियों में भर्ती किया जाएगा। उन्होंने अपनी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश में युवाओं के साथ कोई भेदभाव नहीं होता है। युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी जा रही है। योगी ने दावा किया कि विगत साढ़े 7 वर्ष में उनकी सरकार ने साढ़े 6 लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरी दी है। उन्होंने कहा कि बीते कल ही हमने प्रदेश में सबसे बड़ी पुलिस भर्ती प्रक्रिया की लिखित परीक्षा संपन्न कराई है जिससे 60 हजार 200 से ज्यादा युवाओं को पुलिस बल में सेवा देने का मौका मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक भाजपा के प्रदेश युवा मोर्चा की कार्य समिति की कार्यशाला में योगी ने कहा कि राजनीति सत्ता प्राप्ति या स्वार्थ सिद्धि का जरिया नहीं है बल्कि इसे प्रदेश हित व राष्ट्रहित के मूल्यों के संवर्धन का माध्यम बनना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्षी सपा और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि ये बेहद विचित्र स्थिति है कल तक जिन महापुरुषों के मूल्यों का उपहास उड़ाया जाता था आज वोट के लिए वे उनकी आरती उतार रहे हैं है। उन्होंने कहा कि याद रखिएगा ये वही लोग हैं जो देश के खिलाफ जहर उगलने वाले लोगों को भी प्रश्रय देने से नहीं करते। योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के चेहरों को कौन नहीं जानता। यही वह कांग्रेस है जिसने देश में सर्वाधिक राज किया और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की खिलाफत भी की। इसके पहले योगी रविवार को दोपहर में वाराणसी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने काशी पहुंचते ही बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मत्था टेका। पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री बाबा के दरबार में पहुंचे और विधि विधान से पूजन की। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा के गर्भगृह में जाकर षोडशोपचार पूजन कर लोक कल्य़ाण के लिए कामना की।