रेल मंडल आगरा को सोमवार शाम चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से बटन दबाएंगे। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 से यह ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना होगी।

कैंट स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल शामिल होंगे। ट्रेन रात 11:55 बजे वाराणसी पहुंचेगी। आधे घंटे के बाद वाराणसी से आगरा के लिए रवाना होगी।

अब तक मिलीं वंदे भारत ट्रेन

आगरा रेल मंडल को अप्रैल 2023 में पहली वंदे भारत एक्सप्रेस मिली थी। दूसरी वंदे भारत फरवरी 2024, तीसरी  सितंबर 2024 और चौथी अब चलने जा रही है। आगरा रेल मंडल किया पहली ट्रेन होगी जिसकी मरम्मत का कार्य स्थानीय स्तर पर किया जाएगा। अप और डाउन ट्रेन में उत्तर मध्य रेलवे का ही स्टाफ होगा।

जल्द जारी होगा किराया

रेलवे के अधिकारी ने बताया कि उद्घाटन ट्रेन सोमवार को चलेगी। नियमित ट्रेन का संचालन और नंबर फिलहाल जारी नहीं किया गया है। ना ही किराया सूची घोषित की गई है। सोमवार को ट्रेन शाम 4:15 बजे आगरा कैंट के प्लेटफार्म नंबर 1 से वाराणसी के लिए रवाना होगी। प्रधानमंत्री द्वारा जैसे ही बटन दबाया जाएगा उसके कुछ देर के बाद ही केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल हर झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे।

बच्चे करेंगे फ्री सफर

ट्रेन में ढाई सौ से अधिक बच्चे और रेलवे के अधिकारी होंगे। यह ट्रेन टूंडला, कानपुर, प्रयागराज में रुकेगी। रात 11:55 पर यह ट्रेन वाराणसी पहुंचेगी और आधे घंटे के बाद ही आगरा के लिए रवाना होगी।

उदयपुर के लिए चली है आगरा से वंदे भारत

गौरतलब है कि इसी महीने आगरा से उदयपुर के लिए भी एक वंदे भारत ट्रेन मिली है। उदयपुर से आगरा के लिए सप्ताह में तीन दिन सोमवार, गुरुवार और शनिवार को वंदे भारत चलती है। 613 किमी की दूरी अब आठ घंटे से अधिक के समय में पूरी हो रही है। 12 कोच की ट्रेन में दस चेयरकार कोच हैं। एक कोच में 78 यात्री सफर कर सकते हैं। दो कोच एग्जीक्यूटिव श्रेणी के हैं। एक कोच में 56 यात्री सफर कर सकते हैं।